Big Bharat-Hindi News

रत्ना चटर्जी के आवास से 30 लाख नगद और 50 लाख से अधिक के जेवर बरामद , जानिए आखिर कौन है रत्ना चटर्जी?

कटिहार: कटिहार में विशेष निगरानी इकाई की टीम ने एक  महिला रत्ना चटर्जी के आवास पर भी छापेमारी की । दरअसल  एसवीयू ने मंत्री के पीएस मृत्युंजय कुमार के साथ-साथ धनंजय कुमार व इस महिला के खिलाफ भी भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसके बाद आज शुक्रवार सुबह-सुबह छापेमारी हुई।

महिला आखिर कौन ?

महिला के बारे में बताया जा रहा है कि वह मंत्री जनक राम के पीएस मृत्युंजय कुमार की दोस्त है। महिला के यहां मृत्युंजय का आना-जाना होता था। महिला पहले सीडीपीओ थी। लेकिन 2011 में विजिलेंस ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। आरोप प्रमाणित होने पर सरकार ने रत्ना चटर्जी को बर्खास्त कर दिया था।

आवास से मिले 30 लाख नगद

विशेष निगरानी डीएसपी चंद्र भूषण ने मामले की प्रारंभिक पुष्टि करते हुए कहा कि उनके आवास से 30 लाख नगद, 50 लाख से अधिक जेवर, कई सोने की बिस्किट और कई कागजात बरामद किये गये हैं। विशेष निगरानी इकाई की टीम मंत्री जनक राम के ओएसडी मृत्युंजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही धनंजय कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

जांच एजेंसी ने 25 नवंबर को ही इन तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद 26 तारीख को कोर्ट से सर्च वारंट लेने के बाद विशेष निगरानी इकाई की टीम आज सुबह से ही छापेमारी कर रही है। अररिया स्थित महिला रत्ना चटर्जी के ठिकानों पर छापेमारी में तीस लाख नकद रुपए बरामद हो चुके हैं।

आपको बता दें, अक्टूवर महीने में ही खान और भूतत्व मंत्री जनक राम के पर्सनल सेक्रेटरी यानी आप्त सचिव बबलू आर्य को गिरफ्तार किया गया था। बबलू आर्य की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस ने गोपालगंज नगर थाना के पुरानी चौक निवासी महेश कुमार को भी गिरफ्तार किया था। मंत्री के निजी सचिव बबलू आर्य पर संसद भवन में एंट्री के लिए फर्जी पास बनवाने का आरोप था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *