बिहार : विधान सभा अध्यक्ष की एक नई घोषणा , सांसदों के तर्ज पर हर साल उत्कृष्ट विधायकों को मिलेगा सम्मान
पटना: शुक्रवार को सदन में प्रश्नोत्तर काल के दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने विधायकों के लिए एक नई पहल की घोषणा की। घोषणा के मुताबिक सांसदों की तर्ज पर अब विधायक को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर उनका नाम घोषित किया जाएगा। बिहार में पहली बार इसकी शुरुआत हो रही है। यानी अब हर साल उत्कृष्ट काम करने वाले विधायक का चयन होगा। सर्वश्रेष्ठ विधायक चयन को लेकर एक कमेटी बनेगी। उस कमिटी की सिफारिश पर विधान सभा अध्यक्ष उत्कृष्ट काम करने वाले विधायक के नाम का ऐलान करेंगे।
सम्मान के रूप में प्रशस्ति पत्र
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को सदन में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि उत्कृष्ट विधायकों को पुरस्कार दिया जाएगा. यह पुरस्कार हर वर्ष अलग-अलग विधायकों को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चयन समिति उत्कृष्ट विधायक का नाम तय करेगी।लोकसभा की तर्ज पर विधानसभा में भी उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है। इस पुरस्कार के तहत उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
एक बार चयन के दूसरी बार मौका नहीं
वही विजय सिन्हा ने आगे बताया कि एक बार यदि किसी विधायक को पुरस्कार मिल गया तो अगले साल उनका नाम चयन नहीं किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष सदन ने बताया कि जल्द ही विधायकों से इस संबंध में राय ली जाएगी और उस पर विचार होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में उत्कृष्ट सांसद चुने जाने की पुरानी पद्धति रही है, लेकिन बिहार विधानसभा में ऐसा अब तक नहीं हुआ है। इसलिए सबके सहयोग से विधानसभा के माननीय सदस्यों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसी एक सदस्य को हर वर्ष उत्कृष्ट विधायक का सम्मान दिया जाएगा।
बता दें कि हाल के वर्षों में सत्र के दौरान सदन में हंगामा बढ़ता जा रहा है। हंगामे के दौरान विधायी कार्य प्रभावित होता है और सदन की प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचती है। अध्यक्ष के इस पहल से उम्मीद की जा रही है की विधायक अपने आचरण में हो सकता है बदलाव लाये।