एक बार फिर राजद और कांग्रेस साथ- साथ, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा- जनहित के मुद्दे पर विपक्ष के साथ खड़े है।
पटना: बिहार में पिछले दिनों विधानसभा की 2 सीटों पर उपचुनाव के बाद से कांग्रेस और राजद की राहें अलग हो गई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव कहते आए हैं कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का समर्थन करती है और करती रहेगी। वहीं, कांग्रेस के तरफ से कहा गया कि राजद के साथ उनका गठबंधन खत्म हो चुका है। हालांकि बिहार विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा मंडल की एक बैठक में यह बात साफ कर दिया गया कि जनहित के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी अब भी राजद के साथ है।
सरकार को मजबूती से घेरेंगे
आपको बता दें कि बुधवार को कांग्रेस विधान मंडल की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में जनहित के मुद्दे पर विपक्षी पार्टियों ने चर्चा की। बैठक कांग्रेस के विधान मंडलदल के नेता अजीत शर्मा के आवास पर बुलाई गई थी। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर मदन मोहन झा के साथ कई विधायक भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार बैठक में फैसला लिया गया कि विधान पार्षद और विधायक जनता से जुड़े मुद्दे पर सरकार को मजबूती से घेरेंगे और जनहित के मुद्दे पर विपक्षी पार्टी यानी राजद का समर्थन करेगें।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि जनता के मुद्दे को उठाना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए हम विपक्ष के साथ है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई ऐसे मुद्दे हैं जिस पर विपक्ष को एक साथ आना आवश्यक है। शिक्षक बहाली का मामला हो या फिर सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार, विश्वविद्यालयों में भ्रष्टाचार या बेरोजगारी का मामला हो इससे तमाम मुद्दों पर सरकार कमजोर दिखाई दे रही है। ऐसे में हमारी यह जिम्मेदारी है कि हम विपक्षी पार्टियों के साथ एकजुट होकर सरकार पर दबाव बनाएं।
जनहित के मुद्दे पर विपक्ष के साथ
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने राजद के संबंधों को लेकर कहा कि सदन में राजद को सहयोग देने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कांग्रेस वापस गठबंधन करेगी। राजद ने गठबंधन नियमों का उल्लंघन किया है और हम इसे कभी नहीं भूलेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपचुनाव में जो संबंध समाप्त हुआ है उस पर आगे क्या निर्णय लेना है यह 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी तय करेगी। कांग्रेस पार्टी बिहार में राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी या नहीं लड़ेगी इसका अंतिम निर्णय आलाकमान करेंगे। मदन मोहन झा ने कहा कि फिलहाल हमारी प्राथमिकता जनहित के मुद्दे को मजबूती से सदन में उठाना है और इसके लिए हम विपक्ष के साथ खड़े हैं।
यह भी पढ़े: देर रात बिहार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा से मिलने पहुंचे डीएम-एसपी जाने क्या बोले मंत्री।।