समस्तीपुर : छेड़छाड़ से परेशान होकर चलती ट्रेन से कूदी छात्रा, बोली – लड़के यहाँ वहां छू रहे थे, जिससे परेशान होकर कूदना ही सही समझा
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में ट्रैन में लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जनसाधारण एक्सप्रेस से अपने घर जा रही एक छात्रा (22) छेड़छाड़ से परेशान होकर चलती ट्रेन से कूद गई। जिससे लड़की के दोनों पैर, हाथ और सिर में गंभीर चोट आई है। ट्रेन से गिरने से उसके दांत भी टूट गए हैं। ग्रामीणों की मदद से लड़की को पास के रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में छात्रा की हालत की गंभीर को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
अस्पताल में भर्ती छात्रा ने बताया कि वो दोपहर 3.15 बजे मुजफ्फरपुर से बरौनी जाने के लिए जनसाधारण ट्रेन में चढ़ी थी। जहां वह बैठी थी, वहां 6 लड़के थे। वे गंदे-गंदे कमेंट करने लगे। उसने मना किया तो उसे यहां-वहां छूने लगे। वो परेशान हो गई थी। जिसके बाद वो गेट पर आ गई। घर पर मदद के लिए फोन करने लगी। तभी वो लड़के फोन छीनने लगे। और फिर से छूना शुरू कर दिया। ट्रेन में बहुत लोग थे, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया। इसके बाद मै क्या करती कुछ समझ नहीं आया तो ट्रेन से कूदना ही सही समझा।
मुजफरपुर में ANM की छात्रा है
बताया जा रहा है लड़की बेगूसराय जिले की रहने वाली है। वो अपने घर लौट रही थी। वह आरोपियों को नहीं पहचानती है। वो मुजफरपुर में ANM की छात्रा है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा रेलवे फाटक संख्या 50 सी के ओएचई पोल संख्या 31/12 के पास लड़की ट्रेन से कूद गई। बाद में ग्रामीणों ने उसे रेलवे के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के पुलिस निरीक्षक एन के सिन्हा ने बताया घटना की सबसे पहले इलाज शुरू कराया गया। फिर लड़की से परिवार वालों के नंबर लेकर फोन कर बुलाया गया। इस मामले में समस्तीपुर जीआरपी थानाध्यक्ष अच्छेलाल सिंह यादव ने कहा मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की गई। आरोपियों की पहचान होते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।