Big Bharat-Hindi News

राजधानी पटना के गांधी मैदान में लगा देश का सबसे बड़ा स्क्रीन, हफ्ते के ये 2 दिन फ्री में देख सकते हैं फिल्में।।

पटना: बिहार की राजधानी पटना में देश का सबसे बड़ा स्क्रीन लग गया। इस पर आज रविवार को फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। ठंड के बाद भी इस मौके पर काफी संख्या में लोग जुटे। इसके साथ ही इस मेगा स्क्रीन पर अब हर शनिवार और रविवार को फ्री में फिल्में दिखाई जाएंगी। इसमें लोग पूरे परिवार के साथ फिल्मों को लोग देख सकते हैं।

इस मेगा स्क्रीन पर बच्चों को ध्यान में रखते हुए फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके पीछे मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन पर भी फोकस किया गया है। इसकी स्क्रीनिंग पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से की गई है। गांधी मैदान में इसके लिए रोशनी और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। बताया जाता है कि पटना के गांधी मैदान में लगी स्क्रीनिंग पर हर हफ्ते शनिवार और रविवार को रोमांचक फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और खेल कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा।

इस मेगा स्क्रीनिंग पर 30 से लेकर 300 फीट तक की दूरी से आप फिल्मों को देख सकते हैं। इसे औसतन पांच हजार लोग एक बार में देख सकते हैं, वो भी पूर्ण तौर से फ्री में। डॉल्बी डिजिटल सराउंडिंग साउंड सिस्टम से इस पर्दे पर फिल्म देखने का लुत्फ डबल हो जाएगा। जबकि देश के अन्य राज्यों में आउटडोर स्क्रीन पर मैक्सिमम 650-1000 लोग एक साथ फिल्म देख सकते हैं।

1200 किलो का मेगा स्क्रीन

गांधी मैदान का मेगा स्क्रीन इनफ्लेटेबल है। हर शो से पहले उसमें हवा भरकर उसे ट्रस के माध्यम से खड़ा किया जाता है। साथ ही शो खत्म होने पर स्क्रीन पैक कर दिया जाता है। इस पर्दे का कुल वजन 1200 किलो है। इस परियोजना में कोई भी स्थायी निर्माण नहीं किया गया है, जिससे गांधी मैदान का उपयोग अन्य आयोजनों जैसे रैली, मेला, प्रदर्शनी, प्रशिक्षण शिविर आदि के लिए किया जा सकता है। परियोजना के अंतर्गत गांधी मैदान की गेट संख्या-4 के पास अस्थायी कंट्रोल-सह-स्टोर रूम है, जहां से कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *