कटिहार: पुलिस हाजत में युवक की मौत पर मचा बवाल, लोगो ने थाने में की तोड़फोड़, पुलिस पर किया हमला ,

कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना में शनिवार को पुलिस हाजत में हुई युवक की मौत के बाद लोगों ने जमकर बवाल मचाया। आक्रोशित लोगो ने फलका बाजार को बंद कर आगजनी कर जमकर प्रदर्शन किया। जिसके बाद भीड़ को समझाने का प्रयास कर रहे पुलिस पर उग्र स्थानीय लोगो ने पुलिस कर्मियों पर भी हमला बोल दिया और दौड़ा दौड़ा कर पीटा और उसकी राइफल छीन लिया गया।
इस घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सुचना है साथ ही उग्र भीड़ थाने में भी घुस गई और वहां भी जमकर तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है मृत युवक की पहचान गोपालपट्टी गांव निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव उर्फ़ कैलू के रूप में हुई है। फिलहाल मामले को शांत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात की गयी है। वही इस सन्दर्भ में थाना प्रभारी और अनुसंधानकर्ता को निलंबित कर दिया गया है।
कस्टडी में मौत पर बवाल
दरअसल पुलिस ने युवक को दो दिन पहले बाइक छिनतई के एक मामले में गिरफ्तार किया था। शनिवार सुबह थाने के हाजत में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस उसे आनन-फानन में इलाज के लिए फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद सुचना मिलने पर स्थानीय लोग भड़क गए और इतना बड़ा हंगामा हो गया।














