चास नगर निगम (आम) निर्वाचन 2021 मतदाता सूची की तैयारी के संबंध में हुई बैठक

बोकारो: जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री राजेश सिंह के निदेश पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- भूमि सुधार उप समाहर्ता चास श्री जेम्स सुरीन की अध्यक्षता में आज दिनांक 17 जून, 2021 को नया सदन के सभागार में चास नगर निगम (आम) निर्वाचन 2021 मतदाता सूची की तैयारी के संबंध में वार्डवार बीएलओ, शिक्षक एवं जिला स्तर पर नामित पर्यवेक्षक के साथ बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में चास एवं चंदनकियारी प्रखंड के 144 बीएलओ शामिल हुए।
चास नगर निगम (आम) निर्वाचन, 2021
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- भूमि सुधार उप समाहर्ता चास श्री जेम्स सुरीन ने चास नगर निगम (आम) निर्वाचन 2021 के निमित्त मतदाता सूची की तैयारी के संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि चास नगर निकाय का चुनाव अगस्त माह में संभावित है। उन्होंने बताया कि निमित्त झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धारा 555 एवं झारखंड नगरपालिका निर्वाचन तथा चुनाव याचिका नियमावली 2012 के नियम 11-17 तक वर्णित प्रावधानों के अनुरूप मतदाता सूची तैयार किया जाना है।
आगे उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची 2021 में अद्यतन किया जा चुका है। उक्त परिस्थिति के दृष्टिगत मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग झारखंड के द्वारा 01 जनवरी 2021 को अहर्ता तिथि मानकर अंतिम रूप से प्रकाशित झारखंड विधानसभा की अद्यतन फोटोयुक्त मतदाता सूची, जो राज्य निर्वाचन आयोग को डाटाबेस प्राप्त हुआ है, उक्त डाटाबेस के आधार पर नगर निगम निर्वाचन के निमित्त मतदाता सूची को वार्डवार विखण्डित कर मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि चास नगर निगम (आम) निर्वाचन 2021 के निमित्त वार्डवार, बीएलओ, शिक्षक एवं जिला स्तर पर नामित पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर ली गई है। साथ ही बताया कि 01 जनवरी 2021 को प्रकाशित किए गए झारखंड विधानसभा की अद्यतन फोटोयुक्त मतदाता सूची का विखण्डीकरण वार्ड संख्या 01 से 35 तक के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रांतर्गत किया जाएगा।
मतदाता सूची का विखंडीकरण किया जाएगा
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- भूमि सुधार उप समाहर्ता चास श्री जेम्स सुरीन ने बताया कि 17 जून से 28 जून 2021 तक प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रवार मतदाता सूची का विखंडीकरण किया जाएगा। 29 जून को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। 10 जुलाई 2021 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्ति एवं उनका निराकरण किया जाएगा। 14 जुलाई 2021 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा तथा 16 जुलाई 2021 तक अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची का सॉफ्ट कॉपी तथा डाटाबेस सीडी या डीवीडी में आयोग को उपलब्ध कराया जाएगा।
संपादित करने का निर्देश दिया
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- भूमि सुधार उप समाहर्ता चास श्री जेम्स सुरीन ने सभी प्रतिनियुक्त बीएलओ चास एवं चंदनकियारी को 17 जून से 28 जून तक चलने वाले मतदाता सूची के विखंडीकरण का कार्य चास प्रखंड व अंचल कार्यालय में संपादित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उन्होंने विखंडीकरण हेतु निर्धारित समय सीमा के अंदर ही कार्य संपादित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक के दौरान चास एवं चंदनकियारी के बीएलओ सहित चास एवं चंदनक्यारी प्रखंड के कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।