World blood Donor Day : सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सौरेन ने किया संकल्प – किसी व्यक्ति की मौत खून की कमी से न हो
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को राज्य के 6 जिलों रांची, गुमला, पलामू, धनबाद, गिरिडीह एवं पूर्वी सिंहभूम में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का वर्चुअल शिलान्यास किया। विश्व रक्तदाता दिवस (World Blood Donor Day) के अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कार्यक्रम का आयोजन किया था।
हेमंत सौरेन ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में किसी की मौत खून की कमी से न हो, यही हमारा संकल्प है। इस दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने रक्तदान के प्रति लोगों को अभियान चलाकर प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से पूरे राज्य में ब्लड की कमी नहीं होगी तथा मरीजों को आवश्यकता अनुसार रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।
ब्लड कॉम्पोनेन्ट यूनिट का किया शिलान्यास
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि इंसान ही इंसान के लिए खून उपलब्ध कराता है। हमारी सोच वृहत और इसी सोच के कारण हम कोरोना का सामना करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि राज्य के 6 जिलों में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शिलान्यास किया गया है, आज का दिन राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने लोगों से समय-समय पर रक्तदान की भी अपील की।
विशिष्ट कैलेंडर का किया शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री झारखंड राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी के यूट्यूब चैनल की शुरूआत और डिजिटल प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए झारखंड विशिष्ट कैलेंडर का भी शुभारंभ किया। इस दौरान उपायुक्त रांची छवि रंजन, उपविकास आयुक्त विशाल सागर, सिविल सर्जन डॉक्टर विनोद कुमार उपस्थित थे।
रांची में सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक परिसर से विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम की शुरूआत की गयी। सांसद संजय सेठ और विधायक सीपी सिंह ने स्थापित किए जाने वाले ब्लड सेपरेशन इकाई के शिलापट्ट का अनावरण किया।