बिहार :बेगूसराय कोर्ट ने फिल्म निर्माता एकता कपूर को सम्मन जारी किया: जानिए किया है पूरा मामला

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में व्यवहार न्यायालय एसीजेएम कोर्ट ने फिल्म निर्माता एकता कपूर और शोभा कपूर के खिलाफ दर्ज एक मामले में संज्ञान लेते हुए 8 फरवरी को उपस्थित होने के लिए सम्मन जारी किया है।
पूर्व सैनिक शंभू कुमार ने कोर्ट में परिवाद पत्र दाखिल किया
दरअसल, एकता कपूर के ओटीटी प्लेटफॉर्म ऑल्ट बालाजी पर स्ट्रीम कर रहे शो ‘XXX: Uncensored 2’ में कथित रूप से सेना के अपमान और अश्लीलता फैलाने के आरोप लगाया गया था। इसी को लेकर पूर्व सैनिक शंभू कुमार ने 6 जून 2020 को फिल्म निर्माता एकता कपूर और शोभा कपूर पर थ्री-एक्स सीजन के सीरीज 2 में दिखाए गए सीन पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि सेना के जवान जब ड्यूटी पर रहते हैं तो उनकी पत्नी घर पर दूसरे के साथ अवैध संबंध बनाती हैं, इसको दिखाया गया था। जिस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए एसीजेएम कोर्ट में एक परिवाद पत्र दाखिल किया था।
वही अब कोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए एकता कपूर और शोभा कपूर को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए सम्मन जारी किया है। कोर्ट ने धारा 500 और 504 के तहत इस मामले को संज्ञान लिया और सम्मन जारी किया गया है।
केस के बारे में पूर्व सैनिक शंभू कुमार ने बताया कि सीरियल में जिस तरह से सैनिकों की पत्नी को रेखांकित कर दिखाया गया उससे वह काफी आहत हैं। अब कोर्ट ने संज्ञान लेकर 8 फरवरी को उपस्थित होने का सम्मन दिया है। इससे वह काफी खुश हैं। इस सम्मन के बाद फिल्म निर्माता एकता कपूर और शोभा कपूर की मुश्किलें बढ़ सकती है।