वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के निधन पर सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक, दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करे

नई दिल्ली: वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में कहा है कि विनोद दुआ ने देश के बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। भारत सरकार ने वर्ष 2008 में उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया था। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है ।
बेटी मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पर बताया
आपको बता दें कि मीडिया जगत के चर्चित चेहरों में शामिल वरीय पत्रकार विनोद दुआ नहीं रहे। शनिवार को उनका निधन हुआ। उनकी बेटी फिल्म अभिनेत्री मल्लिका दुआ ने इसकी जानकारी मीडिया को दी। मल्लिका ने इंस्टाग्राम के जरिए अपने पिता के निधन के बारे में बताया। दिवंगत विनोद दुआ का आज रविवार को अंतिम संस्कार दिल्ली के लोधी श्मशान घाट में होगा।
पत्रकारों ने जताया शोक
इसी बीच उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। बिहार में भी पत्रकारों ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। कई पत्रकारों ने कहा कि विनोद दुआ के निधन से पत्रकारिता जगत को बड़ी व अपूरणीय क्षति हुई है। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी लोग पिछले तीन दिनों से विनोद दुआ की जिंदगी के लिए दुआ कर रहे थे।
जीवन की उपलब्धियां
विनोद दुआ की शुरुआती परवरिश दिल्ली की रिफ्यूजी कॉलोनियों में हुई. उनके माता-पिता 1947 में आजादी के बाद खैबर पख्तूनख्वा से आए थे। विनोद दुआ ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और दिल्ली विश्वविद्यालय से ही साहित्य में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की।
विनोद दुआ ने दूरदर्शन और एनडीटीवी इंडिया में लंबे समय तक काम किया। वर्ष 1996 में उन्हें रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें भारत सरकार द्वारा 2008 में पत्रकारिता के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। जून 2017 में पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी जीवन भर की उपलब्धि के लिए मुंबई प्रेस क्लब की ओर से उन्हें रेडइंक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।