FIR दर्ज होने पर बोले दिग्विजय सिंह: मेरे खिलाफ एक नहीं एक लाख भी FIR दर्ज हो जाए तो मुझे अफसोस नहीं

भोपाल: राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह का ट्वीट करना भरी पड़ गया। उस ट्वीट के कारण दिग्विजय सिंह पर IPC की धारा 153(A), 295(A), 465 और 505 (2) के तहत केस रजिस्टर्ड किया गया है। दरअसल उन्होंने मंगलवार को मस्जिद पर चढ़े एक शख्स का फोटो ट्वीट करके उसे खरगोन का बताया था। जबकि यह फोटो बिहार का था। बाद में गलती का अहसास होने पर दिग्विजय सिंह ने पोस्ट डिलीट कर दिया था ।
ट्वीट में क्या लिखा ?
उन्होंने ट्वीट में लिखा था “क्या तलवार-लाठी लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? क्या खरगोन प्रशासन ने इसकी इजाजत दी थी। क्या जिन्होंने पत्थर फेंके चाहे जिस धर्म के हो सभी के घर पर बुलडोजर चलेगा? शिवराज जी मत भूलिए आपने निष्पक्ष होकर सरकार चलाने कि शपथ ली है।
इस ट्वीट के बाद मंगलवार दोपहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोपाल में क्राइम ब्रांच पहुंचकर दिग्विजय के खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस ने उनके खिलाफ ये मामला राजधानी के MP नगर इलाके में रहने वाले प्रकाश माण्डे की शिकायत पर दर्ज किया। प्रकाश ने क्राइम ब्रांच को आवेदन देते हुए बताया कि दिग्विजय सिंह ने फेब्रिकेटेड फोटो ट्वीट कर धार्मिक उन्माद फैलाने की साजिश कर, प्रदेश में अस्थिरता लाने की कोशिश की।
FIR दर्ज होने पर बोले दिग्विजय
FIR दर्ज होने पर उन्होंने कहा है कि भाजपा मेरे खिलाफ नहीं पूरे देश के खिलाफ एजेंडा चला रही है। सांप्रदायिक उन्माद के ख़िलाफ बोलने से अगर मेरे खिलाफ एक नहीं एक लाख भी FIR दर्ज हो जाए तो मुझे अफसोस नहीं है। जो मेरा ट्वीट था उसमें भी मैंने प्रश्न ही पूछा था, वो तस्वीर खरगोन की नहीं थी इसलिए मैंने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया।